छह करोड़ की मेफेड्रोन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, मुंबई में सप्लाई की थी तैयारी ।
कानपुर। मुंबई की हाईप्रोफाइल पार्टियों तक नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाने की तैयारी कर रहे तस्करों पर कानपुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया। फजलगंज पुलिस और सेंट्रल जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेफेड्रोन (हाई क्वालिटी ड्रग्स) की बड़ी खेप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब छह करोड़ रुपये है। प्रारंभिक जांच में इस तस्करी के तार मुंबई से लेकर नेपाल तक जुड़े होने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल, रेहान और ऋषभ के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में तीनों ने जेल में बंद तस्कर रिजवान के गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। जांच में पता चला है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों के साथ देश के बाहर तक फैला हुआ है। आरोपी बरामद ड्रग्स को मुंबई में खपाने की तैयारी में थे। वहां से आगे इसकी सप्लाई किए जाने की भी आशंका है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान फजलगंज पुलिस और सेंट्रल जोन की सर्विलांस टीम ने तीनों आरोपियों को दबोचा। पूछताछ में ड्रग्स की आपूर्ति, गिरोह के दूसरे सदस्यों और उनके संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जेसीपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि बरामद मेफेड्रोन की कीमत करीब छह करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश की जा रही है।
इस मामले की कड़ी इससे पहले 10 नवंबर की देर रात हुई गिरफ्तारी से जुड़ती है। उस समय पुलिस ने बाबूपुरवा निवासी रिजवान अहमद को गोविंदपुरी पुल के नीचे रेलवे लाइन किनारे से पकड़ा था। उसके पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई थी। जांच के दौरान रिजवान के संबंध मुंबई निवासी खयामुद्दीन उर्फ खय्याम से सामने आए थे। पुलिस के मुताबिक खय्याम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का रिश्तेदार बताया जाता है और गिरोह का सरगना है।
रिजवान के पास से मिले दो मोबाइल फोन की जांच में पुलिस को 79 संदिग्ध लोगों के नंबर मिले थे। इनमें बाराबंकी, फर्रुखाबाद और नेपाल के संपर्कों के अलावा खय्याम, बाबूपुरवा निवासी अरबाज कट्टा और दानिश के नंबर भी शामिल थे। पुलिस को आशंका है कि रिजवान और खय्याम एजेंटों के जरिए देश-विदेश में हवाला का कारोबार भी संचालित करते थे। मोबाइल में हवाला के लेनदेन से जुड़े कोडवर्ड और 10 व 20 रुपये के नोटों के इस्तेमाल से संबंधित संदेश भी मिले थे।
इसके अलावा मोबाइल फोन से 40-40 लाख रुपये के केमिकल मंगवाने के बिल और चार नए नाम भी पुलिस के हाथ लगे हैं। गौरतलब है कि 29 अक्टूबर को जालौन में मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद जांच में खयामुद्दीन और रिजवान के नाम सामने आए थे। अब तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गिरोह के सरगना खय्याम, अरबाज कट्टा, दानिश समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं