NH-58 बना हादसों का हाईवे: कल दो की मौत, आज दम्पति घायल, मूंडवा में बढ़ी चिंता
मूंडवा (नागौर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। मूंडवा से नागौर और मूंडवा से कुचेरा की ओर जाने वाले मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि इस हाईवे पर सफर करना लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई प्रभावी कदम उठता दिखाई नहीं दे रहा है।
गौरतलब है कि बीते दिन इसी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के अगले ही दिन गुरुवार को एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मूंडवा से नागौर की ओर खेण फांटे के पास सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक दम्पति घायल हो गया। हादसे के बाद घायलों को मूंडवा राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं के पीछे सड़क की बदहाल स्थिति और यातायात व्यवस्था में लापरवाही भी बड़े कारण माने जा रहे हैं। हाईवे पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन, बिना उचित पार्किंग व्यवस्था के वाहनों का जमावड़ा और रात के समय सामने से आने वाले वाहनों की तेज एवं चकाचौंध करने वाली हेडलाइट्स वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। इसके अलावा तेज गति और यातायात नियमों की अनदेखी भी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है।
जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
लगातार हादसों के बावजूद कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों की मरम्मत कब होगी? सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए हैं? रात के समय वाहन चालकों को चकाचौंध से बचाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
हादसों के बाद नहीं, पहले जागें जिम्मेदार
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों को अब इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक, नियमित यातायात निगरानी, चेतावनी संकेतक और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
आमजन का सवाल है कि आखिर लोगों की जान की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?
NH-58 पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं अब चेतावनी बन चुकी हैं। जरूरत है कि जिम्मेदार विभाग समय रहते जागें और धरातल पर ठोस कार्रवाई करें, ताकि किसी और परिवार को सड़क हादसे का दर्द न झेलना पड़े। आखिर NH-58 पर सफर कब सुरक्षित होगा और हादसों का यह सिलसिला कब थमेगा?

कोई टिप्पणी नहीं