पुष्कर मेले में सिविल डिफेंस बनी देवदूत, कार्तिक पूर्णिमा पर 13 श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया ।
पुष्कर/अजमेर। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले और कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान के दौरान पुष्कर सरोवर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान सिविल डिफेंस की टीम ने अपनी सतर्कता, साहस और तत्परता का परिचय देते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को डूबने से बचाकर सराहनीय कार्य किया। सरोवर के अलग-अलग घाटों पर तैनात टीम के जवानों ने समय रहते रेस्क्यू कर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
सिविल डिफेंस टीम इंचार्ज गोपाल जाट ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए टीम के सदस्य लगातार सरोवर के विभिन्न घाटों पर मुस्तैदी से तैनात रहे। सोमवार को वराह घाट पर स्नान के दौरान दिल्ली निवासी कंचन देवी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगीं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बचा लिया। इसी घाट पर भीलवाड़ा निवासी हीरालाल मोयल को भी डूबने से बचाया गया।
इसके अलावा तरणी घाट पर स्नान करने गए हीरालाल माली, शीतला माता घाट पर देराठू (नसीराबाद) निवासी मंजू देवी और शारदा को भी टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं गौ घाट पर दीपक से कपड़ों में आग लगने से एक महिला श्रद्धालु झुलसने की स्थिति में आ गई। टीम सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बचाया, प्राथमिक उपचार दिया और अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान दिलीप माथुर, अमरचंद सांखला, सुरेंद्र शर्मा, सुनील उपाध्याय और मनीषा सांखला का विशेष सहयोग रहा।
मंगलवार को भी जारी रहा रेस्क्यू अभियान
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मुख्य दिन मंगलवार को भी सिविल डिफेंस की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। इस दौरान भिवाड़ी से परिवार सहित पुष्कर घूमने आए रमन दास, सरवाड़ निवासी नीरज, अजमेर के गढ़ी मालियान निवासी काली देवी, नागौर निवासी पद्मा देवी, कुचामन निवासी उत्कर्ष तथा ब्यावर निवासी मां-बेटी दिव्या और भव्या को गहरे पानी में डूबने से बचाया गया।
मंगलवार को रेस्क्यू अभियान में दिया माथुर, सुमित्रा चौहान, सुनील उपाध्याय, हेमंत इंदौरा और रेशमा बानो सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टीम की सतर्कता से टलीं कई अनहोनी घटनाएं
कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच सिविल डिफेंस टीम की सक्रियता और सेवा भावना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के सदस्यों ने बिना समय गंवाए संकट में फंसे लोगों की मदद की। उनकी तत्परता से कई श्रद्धालुओं की जान बची और अनेक परिवारों को बड़ी त्रासदी से राहत मिली। पुष्कर मेले में सिविल डिफेंस टीम का यह सेवा कार्य लोगों के बीच सराहना का विषय बना हुआ है।
कोई टिप्पणी नहीं